तीन महीने पहले जिस हिमानी का शव मिला सूटकेस में उसे बना दिया कांग्रेस प्रदेश सचिव

हिमानी नरवाल की 3 माह पूर्व हो गई हत्या, कांग्रेस ने उसे बनाया प्रदेश सचिव; चारों ओर किरकिरी

इसी साल एक मार्च को हिमानी नरवाल की हत्या उसी के दोस्त सचिन उर्फ ढुल्लू ने कर दी थी और लाश सुटकेस में रख दी थी। दोनों की दोस्ती फेसबुक पर हुई थी। हिमानी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में एक तस्वीर वायरल होने के बाद चर्चा में आई थी।

हरियाणा में कांग्रेस ने युवा कांग्रेस की नई प्रदेश और जिला स्तरीय कार्यकारिणी का गठन किया है। इस कार्यकारिणी की जो लिस्ट कांग्रेस ने जारी की है, उसकी अब हर तरफ किरकिरी हो रही है। दरअसल, इस लिस्ट में रोहतक से कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता हिमानी नरवाल का नाम बतौर प्रदेश सचिव दिखाया गया है, जबकि उसकी हत्या तीन महीने पहले ही एक मार्च 2025 को हो चुकी है। हिमानी की मौत कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के दौरान हुई है। यह सारी प्रक्रिया ऑनलाइन हुई है।

हिमानी कांग्रेस पार्टी की एक एक्टिव कार्यकर्ता थी। उन्होंने संगठन चुनाव के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाया था और ऑनलाइन वोटिंग प्रक्रिया से उसे इस पद कौ चुना गया लेकिन ये सूची अब प्रकाशित हुई है। ऐसे में सवाल ये उठता है कि अपनी जिस कार्यकर्ता की हत्या पर बवाल मचा था, क्या हाईकमान को ये भी याद नहीं? हिमानी नरवाल हत्याकांड में पुलिस आरोपित सचिन उर्फ ढिल्लू को गिरफ्तार कर चुकी । इतना ही नहीं, कोर्ट में उसके खिलाफ 250 पेजी आरोपपत्र तक प्रस्तुत कर चुकी है।

भाजपा बोली, भद्दा मजाक, शर्मनाक कांग्रेस
इस ब्लंडर से प्रदेश में राजनीति तेज हो गई है। भाजपा ने इस मामले में कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा है, “कांग्रेस की नीति और नेतृत्व और संवेदनहीन हो चुका है। कांग्रेस को अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की स्थिति की कोई जानकारी नहीं है। पहले स्वर्गवासी रघबीर सैनी को बैठक में बुलाया और अब मृतक हिमानी नरवाल को प्रदेश सचिव बनाकर उसका भद्दा मजाक बनाया है। शर्मनाक कांग्रेस।”

कौन थी हिमानी नरवाल?
हिमानी नरवाल रोहतक से कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता थी। हरियाणा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उनके साथ तस्वीर वायरल होने से वह चर्चा में आई थी। एक मार्च 2025 की सुबह हिमानी नरवाल का शव रोहतक जिला के सांपला बस स्टैंड के पास बंद सूटकेस में मिला था। उसके गले पर चुन्नी लिपटी हुई मिली थी। इस हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। एसआईटी ने इस हत्याकांड में झज्जर जिला के खैरपुर गांव के सचिन उर्फ ढिल्लू को गिरफ्तार किया था।पुलिस जांच में ये सामने आया कि सचिन की हिमानी नरवाल के साथ फेसबुक से दोस्ती हुई थी। इसके बाद वह हिमानी के घर आता रहता था। 27 फरवरी को हिमानी ने ही मोबाइल फोन पर कॉल कर सचिन को अपने घर बुलाया था। दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। वह रात को हिमानी के घर पर ही रुक गया था। अगले दिन 28 फरवरी को सचिन ने मोबाइल फोन के चार्जर की तार से हिमानी की हत्या कर दी थी। बाद में वह हिमानी के घर में रखे सूटकेस में ही उसका शव डालकर ले गया था और सांपला बस स्टैंड के नजदीक फेंक दिया था।

हिमानी की हत्या बाद हत्यारे सचिन ने की शव की दुर्गति; खुद बताया पूरा घटनाक्रम

कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या के आरोप में गिरफ्तार सचिन को लेकर नए-नए खुलासे हो रहे हैं। कातिल सचिन ने पुलिस पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। रविवार रात दिल्ली के मुंडका से गिरफ्तार कर हत्यारोपी की पहचान झज्जर के खैरपुर गांव निवासी सचिन उर्फ ढिल्लू के रूप में हुई है। हिमानी नरवाल की गला घोंटकर हत्या करने के बाद आरोपी सचिन ने सभी हदें पार कर दीं। हत्यारोपी ने हिमानी के शव से उंगलियों में पहनी हुई अंगूठियों को भी निकाल लिया था। इसके बाद गहने निजी फाइनेंस एजेंसी के पास गिरवी रख दिए। हालांकि, हत्यारोपी ने पुलिस को बताया है कि अंगूठी उसी ने दी थी।

हत्यारोपित सचिन का वीडियो वायरल
हिमानी की हत्या के बाद आरोपित सचिन सूटकेस में लाश को ठिकाने लगाने के लिए जाते हुए सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया। आरोपित की यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है। सचिन हत्या के बाद हिमानी के शव को सूटकेस में ले जाते हुए दिखा है। वह घर से पैदल ही ऑटो रिक्शा तक गया था।

सचिन ने बताई पूरी कहानी
सचिन 28 फरवरी को हिमानी के घर पर आया था। हिमानी और सचिन में दोपहर में रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। दिन में खूब गहमागहमी के बीच नाराज होकर सथिन वहां से चला गया था, हालांकि वह रोहतक में ही रहा। सचिन शाम करीब 4 बजे फिर से हिमानी के विजय नगर स्थित घर पहुंचा और वहां पर कुछ देर बात होने के बाद फिर दोनों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना तूल पकड़ गया कि दोनों में हाथापाई हो गई।

हिमानी का थप्पड़ सचिन को लगा तो वह तमतमा गया। इस बात से खफा होकर उसने हिमानी की चार्जर के तार से गला घोटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बेड पर रजाई से ढंक दिया। इसके बाद वह बचने के लिए तरकीब ढूढ़ने लगा। इस दौरान उसकी नजर सूटकेस पर पड़ी। इसमें कुछ कपड़े रखे थे। सूटकेस खाली कर उसमें हिमानी का शव ठूंस दिया। हालांकि, इससे हाथ-पैर बुरी तरह मुड़ गए थे।
झज्जर के खैरपुर गांव निवासी हत्यारोपी सचिन उर्फ ढिल्लू हिमानी का दोस्त था। सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों की करीब डेढ़ साल पहले दोस्ती हुई थी। रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच कई दिन से विवाद चल रहा था।

 

28 फरवरी को की थी हिमानी की हत्या
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कृष्ण कुमार राव ने सोमवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 28 फरवरी को विजय नगर स्थित हिमानी नरवाल के घर पर दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद ज्यादा बढ़ गया।
शाम करीब 5 बजे सचिन ने पहले हिमानी के चुनरी से हाथ बांधे और फिर मोबाइल चार्ज करने वाले तार से उसका गला घोंट दिया। हत्यारोपी से खुद का बचाव करने के लिए हिमानी ने काफी प्रयास किया था। इसी जद्दोजहद में सचिन के हाथों पर हिमानी ने नाखूनों से नोचते हुए बचने की कोशिश की थी।

रजाई के कवर पर लगे थे हिमानी के खून के धब्बे
हिमानी की हत्या करने के बाद सचिन लैपटॉप, जेवरात और अन्य सामान लेकर हिमानी की स्कूटी से झज्जर के गांव कानोंदा में अपनी मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान पर गया। यहां उसने सामान रखा और करीब तीन घंटे बिताए। फिर उसी स्कूटी से दोबारा हिमानी के घर पहुंचा.
वहां पर हिमानी के खून के धब्बे से सना रजाई का कवर उतारा और अन्य साक्ष्य मिटाए। इसके बाद सचिन ने शव को सूटकेस में बंद किया। रात 10 बजे वह ऑटो रिक्शा लाया।

ऑटो रिक्शा से वह दिल्ली बाईपास पहुंचा और वहां से बस में सवार होकर सांपला पहुंचा। सचिन ने सांपला बस स्टैंड के नजदीक दीवार के किनारे झाड़ियों में सूटकेस को फेंक दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *