पुण्य स्मरण: अंग्रेजों ने मणिपुर के ‘खतरनाक बाघ’बीर टिकेंद्र जीत सिंह को खुले मैदान में दी थी फांसी

मणिपुर का शेर बीर टिकेंद्रजीत सिंह: अंग्रेजों ने जिन्हें कहा था ‘खतरनाक बाघ’, दी थी खुली जगह पर फाँसी
प्रो. डॉक्टर रसाल सिंह
मणिपुर राज्य की सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक परंपराएँ और प्राकृतिक सौन्दर्य भारतवासियों के लिए गौरव के विषय हैं, तो उसका शौर्य, साहस एवं त्याग-बलिदान से परिपूर्ण इतिहास भारतवासियों के लिए प्रेरणास्रोत। सन् 1891 के एंग्लो-मणिपुर युद्ध में मणिपुर के बहादुर लोगों ने औपनिवेशिक शक्तियों का प्रतिरोध जिस वीरता और साहस से किया; वह इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। भारत माता की स्वतंत्रता और सम्मान के लिए सन् 1891 के युद्ध में शहीद होने वाले वीरों के हम सदा ऋणी रहेंगे।
आज हम उन असंख्य वीरों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं, जिन्होंने सन् 1891 में ब्रिटिश साम्राज्य के विरुद्ध लड़ते हुए जीवन दाँव पर लगाया था। सन् 1891 में ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ एंग्लो-मणिपुर युद्ध में बलिदान राज्य के वीर नायकों को श्रद्धांजलि देने को मणिपुर राज्य प्रत्येक वर्ष 13 अगस्त को “देशभक्त दिवस” मनाता है। बीर टिकेंद्रजीत सिंह भारत माँ के लिए प्राण उत्सर्ग करने वाले ऐसे ही जाँबाज सपूत थे।
मणिपुर के तत्कालीन साम्राज्य के राजकुमार टिकेंद्रजीत महान देशभक्त, ब्रिटिश साम्राज्यवादी योजना के घोर विरोधी तथा देश की एकता-अखंडता के कट्टर समर्थक थे। उन्होंने स्वातंत्र्य-वेदी पर अपनी सभी राजसी सुख-सुविधाओं और अंततः जीवन की आहुति दी। उनका जीवन वीरता की साक्षात प्रतिमूर्ति था और उनका विश्वास था कि –“वीरभोग्या वसुन्धरा” अर्थात् वीर ही इस भूमि को भोगने के सच्चे अधिकारी हैं।
उन्होंने साहसपूर्वक ब्रिटिश साम्राज्यवादी शक्ति के कूटनीतिक और विस्तारवादी कृत्यों से जनसामान्य को बताया तथा अदम्य साहस और निर्भीकता से अंग्रेजी साम्राज्यवाद और उपनिवेशवाद से युद्ध किया। इसी कारण उन्हें ‘मणिपुर का शेर’ कहा जाता है। यहाँ तक कि ब्रिटिश  सरकार ने उनकी वीरता, निडरता तथा पराक्रम की तुलना एक ‘खतरनाक बाघ’ से की थी।
कहा जा सकता है कि वे दैवीय शक्तियों का संयोग थे। क्योंकि –“उद्यमः साहसं धैर्यं बुद्धिः शक्तिः पराक्रमः। षडेते यत्र वर्तन्ते तत्र दैवं सहायकृत्” अर्थात् जहाँ उद्योग, साहस, धैर्य, बुद्धि, शक्ति और पराक्रम ये छः (गुण) होते हैं, वहाँ दैव भी सहायक होते हैं। इस परम पराक्रमी और बुद्धिमान सपूत को आमने-सामने युद्ध में अंग्रेजों नहीं हरा सके तो छल-बल का सहारा ले औपनिवेशिक कानून की आड़ में विशेष अदालत से उन्हें दोषी ठहरा सन् 1891 के 13 अगस्त के दिन बीर टिकेंद्रजीत को सार्वजनिक रूप से मौत के घाट उतार दिया गया।
टिकेंद्रजीत सिंह महाराजा चंद्रप्रकाश सिंह और चोंगथम चानु कूमेश्वरी देवी की चतुर्थ संतान थे। उनका जन्म 29 दिसंबर, 1856 को हुआ था। उन्हें “कोइरेंग” भी कहते थे क्योंकि वे बचपन से ही लोकप्रिय तथा स्वतंत्रता प्रेमी थे। धैर्यवान होने के साथ वे कुशाग्र बुद्धि थे। बाद में वे मणिपुरी सेना के कमाण्डर नियुक्त हुए। भारत के स्वतंत्रता-संग्राम में उनका अद्वितीय स्थान है।
प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण मणिपुर का प्राचीनतम एवं गौरवपूर्ण इतिहास रहा है। मणिपुर के राजाओं ने सन् 1891 में अंग्रेजों से पराजित होने तक अपनी स्वतंत्रता और संप्रभुता को लगातार संघर्ष किया था। एक लंबे और अनवरत संघर्ष के बाद ब्रिटिश साम्राज्यवादियों ने मणिपुर पर अपना आधिपत्य स्थापित किया। मणिपुर के आंतरिक संकट और उसके बर्मा से चले 18 वर्ष लंबे संघर्ष का लाभ उठाकर इसमें सफल हुए।
प्रिंस गंभीर सिंह के नेतृत्व में प्रथम एंग्लो-बर्मी युद्ध (1824-1826) में मणिपुर ने बर्मा पर विजय प्राप्त की। नतीजतन, मणिपुर तबाही से उबर गया और गंभीर सिंह मणिपुर के राजा बनाये गये। परन्तु तब राज्य की सभी महत्वपूर्ण शक्तियाँ अंग्रेजों के हाथ में थीं। राजा ब्रिटिश हस्तक्षेप का विरोध करने में असमर्थ था।
राजा चंद्रकांत सिंह के उत्तराधिकारी महाराजा सुरचंद्र सिंह के शासनकाल में अंग्रेजों का हस्तक्षेप बहुत अधिक बढ़ गया था। परिणामस्वरूप 24 अप्रैल, 1891 को खोंगजोम युद्ध (अंग्रेज-मणिपुरी युद्ध ) हुआ जिसमें वीर सेनानी टिकेंद्रजीत और पाओना ब्रजवासी जैसे अनेक योद्धाओं के जबर्दस्त संघर्ष और जनसामान्य के मजबूत प्रतिरोध के बावजूद मणिपुर अंग्रेजों के पूर्णतया अधीन हो गया।
राजपरिवार का सदस्य होने के नाते टिकेंद्रजीत अंग्रेजों के कूट स्वभाव से परिचित थे। अत: वे मणिपुरवासियों को उनके वास्तविक दृष्टिकोण और अंतरतम दुर्भावनाओं के बारे में सचेत करते रहते थे। महाराज गंभीर सिंह की मृत्यु के उपरान्त उनके बड़े बेटे, सुरचंद्र ने मणिपुर के सिंहासन का दायित्व संभाला। अन्य राजकुमारों को राज्याधिकारी, सेना के जनरल और पुलिस प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया।
बाद में, झलकारी की मृत्यु के बाद टिकेंद्रजीत को सेना का जनरल नियुक्त किया गया। लेकिन राजकुमारों के बीच आपसी गलतफहमी और मनमुटाव हो गया। इसने अंततः राज-परिवार को दो गुटों में बांट दिया। एक गुट टिकेंद्रजीत के साथ तो दूसरा पाकसाना के नेतृत्व में कार्यरत था।
राजा स्थिति से अनजान रहे और अराजकता बढ़ती चली गई। टिकेंद्रजीत को लगता था कि राजा पाकसाना के पक्षधर हैं। अंग्रेज सूदखोरी से अपना साम्राज्य विस्तार करते थे। वे मोटे ब्याज पर राजा और राजपरिवार को कर्ज देकर धीरे-धीरे उनके राज्य के हिस्से हड़पते चले जाते थे।
यही नीति उन्होंने मणिपुर में  भी अपनाई। इसे राजकुमार टिकेंद्रजीत ने स्वीकार नहीं किया। वे इससे भी भलीभाँति अवगत थे कि ब्रिटिश लोग मणिपुर को अपनी एक “कॉलोनी” बनाने को अवसर की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने अपने राज्य की संप्रभुता तथा स्वतंत्रता की रक्षा हेतु एक योजना बनाई।
22 सितंबर, 1890 को टिकेंद्रजीत ने दो अन्य राजकुमारों एंगुसन और जिलंगंबा के साथ सुरचंद्र सिंह के खिलाफ विद्रोह कर उन्हें  सिंहासन से हटा दिया। सुरचंद्र सिंह ने ब्रिटिश निवास में शरण ले ली। तब कुलाचंद्र ने राज्यभार संभाला और टिकेंद्रजीत उसके उत्तराधिकारी बने। यह घटना मणिपुर के इतिहास में ‘पैलेस विद्रोह’ के रूप में जानी जाती है।
बाद में, पूर्व शासक सुरचंद्र सिंह कलकत्ता रवाना हुए। लेकिन उन्होंने टिकेंद्रजीत को सूचित किया कि वे धार्मिक-यात्रा पर वृंदावन जा रहे हैं। कलकत्ता पहुँच उन्होंने मणिपुर राज्य का सिंहासन पुन: पाने को ब्रिटिश सरकार को याचिका भेजी। इस याचिका से अंग्रेज मणिपुर की आतंरिक फूट और संकट से अवगत हो गए। वास्तव में, इस याचिका ने ब्रिटिशों को मणिपुर के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने का मौका प्रदान किया।
भारत के तत्कालीन वायसराय लॉर्ड लैंड्सडाउन ने कुलाचंद्र को राजा बनाए रखने का निर्णय लिया। लेकिन मणिपुर सिंहासन के उत्तराधिकारी पद से टिकेंद्रजीत को हटाने का आदेश दिया क्योंकि अंग्रेज जानते थे कि टिकेंद्रजीत जैसा राष्ट्रवादी उनकी औपनिवेशिक योजनाओं में बहुत बड़ी अड़चन है। उसकी अनुपस्थिति में ही मणिपुर को ब्रिटिश उपनिवेश में रूपांतरित किया जा सकता है।
अत: 22 मार्च, 1891 को मुख्य आयुक्त जेडब्ल्यू क्विंटन सैनिकों की टुकड़ी के साथ मणिपुर पहुँचा। टिकेंद्रजीत को गिरफ्तार करने को अंग्रेजों ने गोपनीय योजना बनाई। लेकिन यह गुप्त योजना उजागर हो जाने से विफल हो गई। राजनीतिक एजेंट ग्रिमवुड ने तब राजा कुलाचन्द्र को टिकेंद्रजीत को अंग्रेजों को सौंपने को कहा। राजा कुलाचंद्र ने इससे साफ इनकार कर दिया। अंग्रेजों ने टिकेंद्रजीत को गिरफ्तार करने को बल प्रयोग किया।
24 मार्च, 1891 की शाम ब्रिटिश सैनिकों ने पैलेस कंपाउंड, विशेष रूप से टिकेंद्रजीत के निवास पर हमला किया। हमले में सांस्कृतिक कार्यक्रम देखती महिलाएं और बच्चों सहित अनेक निर्दोष नागरिक मारे गए। हालाँकि, मणिपुरी सेना अपने आक्रामक प्रतिरोध में सफल रही और अंग्रेजों को पीछे हटना पड़ा।
पाँच अंग्रेज अधिकारियों- क्विंटन, ग्रिमवुड, लेफ्टिनेंट कर्नल सिम्पसन, कोसिन और बुलेर को भागकर तहखाने में शरण लेनी पड़ी। जिन मणिपुरवासियों के निर्दोष बच्चे, पत्नियों और रिश्तेदारों को अंग्रेजों ने मार दिया था, उनके मन में बदले की भावना इतनी प्रबल हो गई कि उन्होंने इन पाँचों अंग्रेजों को मार डाला।
परिणामस्वरूप 1891 में एंग्लो-मणिपुरी युद्ध हुआ। इस भयानक युद्ध में अंग्रेजों ने मणिपुर को तहस-नहस कर दिया। 27 अप्रैल, 1891 को कंगला पैलेस को अंग्रेजों ने कब्ज़ा लिया और मेजर मैक्सवेल मुख्य राजनीतिक एजेंट बन गया। ब्रिटिश भारत सरकार ने जाँच-पड़ताल और सजा-निर्धारण को लेफ्टिनेंट कर्नल जॉन मिशेल के अधीन विशेष आयोग गठित किया। जाँच में टिकेंद्रजीत को दोषी ठहराया अंग्रेजी अदालत ने उन्हें मौत की सजा सुनाई। कहा जाता है कि जानकारी मिलने पर स्वयं रानी विक्टोरिया ने बीर टिकेंद्रजीत को बचाने के प्रयास किए लेकिन वे असफल रहीं। टिकेंद्रजीत अपने विलक्षण युद्ध-कौशल, अद्भुत पराक्रम तथा सक्षम प्रशासन से अत्यंत लोकप्रिय थे।
कहा भी गया है कि – “प्रजासुखे सुखं राज्ञः प्रजानां च हिते हितम् । नात्मप्रियं हितं राज्ञः प्रजानां तु प्रियं हितम्” अर्थात् प्रजा के सुख में राजा का सुख निहित है; अर्थात् जब प्रजा सुखी अनुभव करे तभी राजा को संतोष करना चाहिए। प्रजा का हित ही राजा का वास्तविक हित है।
अत: मणिपुरवासियों ने अपने प्रिय राजकुमार की प्राण-रक्षा को उनकी फाँसी का पुरजोर विरोध किया। परन्तु लोगों की प्रबल भावना और उनके सक्रिय विरोध के बावजूद अंग्रेजों ने बीर टिकेंद्रजीत को 13 अगस्त, 1891 को खुली जगह पर फाँसी लगाई ताकि लोगों को आतंकित किया जा सके।
मणिपुर राज्य की महिलाओं ने भी उनके बचाव में एक आंदोलन शुरू किया था, परन्तु उनका यह आन्दोलन मणिपुर के भविष्य बीर टिकेंद्रजीत को नहीं बचा सका। उनका बलिदान मणिपुर की स्वतंत्रता, सम्मान और जनकल्याण की भावना के लिए था। उन्होंने विदेशी शक्ति का विरोध करते हुए स्वदेश रक्षा हेतु अपने प्राण गँवाए।
बीर टिकेंद्रजीत सिंह की यह उदात्त भावना आज की युवा पीढ़ी को भी राष्ट्र की स्वतंत्रता, सम्मान और जनकल्याण हेतु जीवन-बलिदान करने को प्रेरित और प्रोत्साहित करती है। बीर टिकेंद्रजीत सिंह जैसे बलिदानी योद्धाओं से प्रेरित लाखों-करोड़ों युवाओं ने भारतमाता को 200 वर्ष लंबी अंग्रेजी दासता से मुक्त कराया।
इसलिए भारत माता के ऐसे सपूतों को स्मरण किए बिना स्वतंत्रता-दिवस समारोह अर्थहीन और अधूरा है। इस महानायक को सम्मानित कर मणिपुर विधानसभा ने अगस्त, 2019 में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर तुलीहल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम बदलकर ‘बीर टिकेंद्रजीत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा’ कर दिया है.

प्रो. डॉक्टर रसाल सिंह

प्रोफेसर और अध्यक्ष के रूप में हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषा विभाग,जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय में कार्यरत। साथ ही,विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता,छात्र कल्याण का भी दायित्व हैं। इससे पहले दिल्ली विश्व विद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज में पढ़ाते थे। दो कार्यावधि को दिल्ली विश्वविद्यालय की अकादमिक परिषद के निर्वाचित सदस्य। विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में सामाजिक-राजनीतिक और साहित्यिक विषयों पर नियमित लेखन करते हैं। संपर्क-8800886847

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *