जादू जो सिर चढ़ बोले: सिया राममय कांग्रेस जग जानी

कांग्रेस को याद आए राम:प्रियंका ने 21 लाइनों में 23 बार राम का नाम लिया, बोलीं- राम सब में हैं, राम सब के हैं; कमलनाथ ने भी भगवा पहनकर ट्विटर प्रोफाइल बदली
नई दिल्ली
राम मंदिर के भूमि पूजन में 24 घंटे से भी कम वक्त बचा है। हर कोई राम धुन में रम गया है। उस कांग्रेस को भी राम याद आ रहे हैं, जो कम से कम खुले मंच पर इस राम नाम परहेज करती थी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को ट्वीट किया है। 21 लाइनों में 270 शब्द लिखे हैं प्रियंका ने और इसमें 23 बार राम नाम लिया है। चौंकाने वाली बात ये कि अंग्रेजी में ही साइन करने वाली प्रियंका के इस ट्वीट में इस बार दस्तखत शुद्ध हिंदी में हैं।

प्रियंका ने ट्वीट में लिखा राम सब में हैं, राम सबके हैं। राम कबीर के हैं, तुलसी दास के हैं और रैदास के हैं। गांधी के रघुपति राघव राजा राम सबको सम्मति देने वाले हैं। प्रियंका के इस ट्वीट में सबकुछ राम में ही रंगा है।

सरलता, साहस, संयम, त्याग, वचनवद्धता, दीनबंधु राम नाम का सार है। राम सबमें हैं, राम सबके साथ हैं।

भगवान राम और माता सीता के संदेश और उनकी कृपा के साथ रामलला के मंदिर के भूमिपूजन का कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का अवसर बने।

मेरा वक्तव्य pic.twitter.com/ZDT1U6gBnb

— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) August 4, 2020
भगवा में रंगे कमलनाथ ने किया सुंदर कांड का पाठ, चांदी की ईंटे अयोध्या भेजेंगे
अकेली प्रियंका नहीं हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने ट्विटर पर प्रोफाइल फोटो बदल दी है। त्रिपुंड तिलक लगा रखा है और भगवा पटका ओढ़े हैं। एक और फोटो भगवामय है।

कमलनाथ ने सुंदर कांड का पाठ किया और कहा- हम राम मंदिर निर्माण का स्वागत करते है। राजीवजी ने 1985 में इसकी शुरुआत की। 1989 में शिलान्यास किया। राजीव जी के कारण ही राम मंदिर का सपना आज साकार हो रहा है।

उन्होंने कहा- आज राजीव जी होते तो यह सब देखते। भारत की संस्कृति सभी को जोड़ने वाली है। यह हमारी पहचान है। हम जब भी कुछ करते है,भाजपा के पेट में दर्द क्यों शुरू हो जाता है। क्या धर्म पर उनका पेटेंट है, उनका ठेका है, उन्होंने धर्म की एजेंसी ली हुई है?

कमलनाथ ने ऐलान किया है कि वो 11 चांदी की ईंटें अयोध्या भेजेंगे। उन्होंने कहा कि कल वो ऐतिहासिक दिन है, जिसका पूरा देश इंतजार कर रहा था।

सुरजेवाला ने याद दिलाई राम की मर्यादा
कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मैं राम मंदिर निर्माण के कार्यक्रम के 24 घंटे पहले कोई राजनीतिक बयान देना नहीं चाहता। लेकिन यह कहना चाहता हूं कि राजनीति का धर्म होना चाहिए,धर्म की राजनीति नहीं। यही राम की मर्यादा है।
कांग्रेसी विधायकों का राममंदिर राग,मंदिर निर्माण में चाहते हैं सोनिया-राहुल की बड़ी भूमिका
रांची, राज्य ब्यूरो। राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर झारखंड के कांग्रेस विधायक पार्टी की सक्रिय भूमिका के पक्ष में गोलबंद होते दिख रहे हैं। एक दिन पूर्व विधायक प्रदीप यादव ने राहुल गांधी समेत कई धर्मनिरपेक्ष दलों के नेताओं को पत्र लिखकर आगाह किया था कि राम मंदिर निर्माण में अगर धर्मनिरपेक्ष दल खुद को अलग रहते हैं तो इस मुद्दे पर एक ही दल को राजनीति करने का मौका मिल जाएगा। उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह में भी कांग्रेस की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखा है।

पांच बार विधायक और गोड्डा से सांसद रह चुके प्रदीप यादव की पहचान एक मुखर वक्ता की रही है। बाबूलाल मरांडी जब भाजपा से अलग हुए तो प्रदीप भी उनके साथ पार्टी छोड़ गए थे और लंबे समय तक दोनों झारखंड विकास मोर्चा की पहचान रहे। चुनाव के बाद बाबूलाल ने झाविमो का विलय भाजपा में कर लिया तो प्रदीप यादव विधायक बंधु तिर्की के साथ कांग्रेस में चले गए।

प्रदीप यादव के राम मंदिर के मुद्दे पर हमने झारखंड में कांग्रेस के विधायकों से बात की और पाया कि नए विधायक प्रदीप यादव की बातों से सहमत हैं। कांग्रेस विधायक विक्सल कोंगाड़ी, पूर्णिमा नीरज सिंह, इरफान अंसारी, बंधु तिर्की, उमाशंकर अकेला जैसे विधायक चाहते हैं कि कांग्रेस की सक्रिय भूमिका तय हो ताकि राम मंदिर निर्माण का श्रेय लेने से भाजपा को रोका जा सके। हालांकि उन्हें पार्टी की लाइन का भी इंतजार है।

राजीव गांधी को भाजपा नेताओं से अधिक श्रेय : अकेला

बरही विधायक उमाशंकर अकेला ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को इस मसले पर किसी भी नेता से अधिक श्रेय जाता है। दशकों से मंदिर में लगे ताले को उन्होंने ने ही खुलवाया था। भाजपा ओछी राजनीति कर रही। मंदिर निर्माण में सबको सहयोग करना चाहिए।

भगवान श्रीराम सभी के,भाजपा का पेटेंट नहीं : कोंगाड़ी

सिमडेगा के कोलेबिरा क्षेत्र से विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने स्पष्ट कहा कि भगवान श्रीराम सभी के भगवान हैं। इसके नाम पर भाजपा को राजनीति की इजाजत नहीं दी जा सकती है।

प्रदीप यादव ने बिल्कुल सही मुद्दा उठाया है:बंधु तिर्की

मांडर विधायक बंधु तिर्की ने प्रदीप यादव के स्तर से उठाए मुद्दे को सही करार दिया। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में सबकी भूमिका होनी चाहिए। इस मुद्दे पर भाजपा को राजनीति करने की छूट नहीं देनी चाहिए। मंदिर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर बन रहा है।

श्रीराम मंदिर निर्माण में सभी दलों की भागीदारी होनी चाहिए : पूर्णिमा

प्रभु श्रीराम सबके हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर बनने को लेकर अब कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के ने सैकड़ों वर्ष पुराने विवादित मामले का निष्कर्ष निकाला है। पांच अगस्त को अयोध्या में मंदिर निर्माण के भूमि पूजन में सभी दलों के लोगों को आमंत्रित किया जाना चाहिए। अयोध्या में अब श्रीराम मंदिर का निर्माण सर्वदलीय प्रयास से होना चाहिए।

लॉकडाउन के बाद होता कार्यक्रम तो हम भी जाते : इरफान

प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इरफान अंसारी ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण लॉकडाउन के बाद होता तो कार्यक्रम में हम भी जाते। कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखने की हमारी हैसियत नहीं।

पार्टी लाइन पर काम करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता : रामेश्वर उरांव

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने इस मुद्दे पर स्पष्ट कहा कि पार्टी लाइन पर पार्टी के नेता और कार्यकर्ता काम करेंगे। उन्होंने प्रदीप यादव की चिट्ठी पर टिप्पणी से इन्कार करते हुए कहा कि कांग्रेस के सिपाही अपने नेता की बात पर काम करेंगें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *